सोमवार, 30 अप्रैल 2012

हुआ टकराव क्यों है? - वीरेन्द्र सिंह 'ब्रजवासी'

हुआ टकराव क्यों है?

वीरेन्द्र सिंह 'ब्रजवासी'
भावनाओं का हुआ टकराव क्यों है।
आदमीयत का हुआ ठहराव क्यों है॥

सिमट कर छोटा हुआ है क्यों सवेरा।
अंधकारो का हुआ फैलाव क्यों है॥

आदमी क्यों खून का प्यासा हुआ है।
क्रोध में हर व्यक्ति दुर्वासा हुआ है॥

भस्म करने आज चन्दन वनों को,
हर तरफ आग का बिखराव क्यों है॥

क्यों श्रवण से पुत्र अब सोये हुए हैं।
अनुज लक्ष्मन से कहीं खोये हुए हैं॥

मान मर्यादा कलंकित हो रही है,
देह से सत्कर्म का अलगाव क्यों है॥
-वीरेन्द्र सिंह 'ब्रजवासी'
बुद्धि विहार, मुरादाबाद।

 

गुरुवार, 26 अप्रैल 2012

फक्कड़ मुरादाबादी को किया जायेगा सम्मानित

फक्कड़ मुरादाबादी को किया जायेगा सम्मानित 
                              
                        दिनाँक 25 अप्रैल, 2012 को सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्था संकेत की बैठक का आयोजन संस्था के कोर्ट रोड स्थित कैम्प कार्यालय पर किया गया। बैठक में आगामी 6 मई को हास्य-व्यंग्य कवि फक्कड़ मुरादाबादी को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। संस्था के अध्यक्ष अशोक विश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि आज के दौर में हंसना-हंसाना कठिन कार्य हो गया है, ऐसे में फक्कड़ मुरादाबादी द्वारा हास्य के माध्यम से गुदगुदाने का कार्य निसंदेह सम्मान के योग्य है। 
                        6 मई को सम्मान के साथ साथ फक्कड़ मुरादाबादी की हास्य व्यंग्य कृति का लोकार्पण भी किया जायेगा। बैठक में अशोक विश्नोई, शिशुपाल सिंह मधुकार, धर्मेन्द्र यादव, रघुराज सिँह निश्चल, जितेन्द्र कुमार जौली, अम्बरीष गर्ग, रवि चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे।

रविवार, 15 अप्रैल 2012

श्री मनोज वर्मा 'मनु'

परिचय-श्री मनोज वर्मा 'मनु'
जन्मतिथि : 2 सितम्बर, 1978
श्री मनोज वर्मा 'मनु'
जन्म स्थान : टाण्डा, रामपुर (उ0प्र0)
पिता का नाम : स्व0श्री राधेश्याम वर्मा
माता का नाम : श्रीमती कमला वर्मा
शिक्षा : बी0एस0सी0
संप्रति : व्यवसाय (ज्वैलर्स)
लेखन की विधाएँ : कविता, मुक्तक, गज़ल, क़तअ, दोहे, नज़्म आदि
प्रकाशन : श्री दुर्गा सपतशती, हिन्दी काव्यांजली (प्रकाशनाधीन), अनेक पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित
सम्मान : अनेक साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित
विशिष्ट : स्केचिंग एवं बाँसुरी वादन से विशेष लगाव
सम्बद्धता : संस्कृति एजूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी
पता : C/O B-41प्रेम नगर, लाइनपार, मुरादाबाद (उ0प्र0)
सम्पर्क : 08535047939, 8909381401

MANOJ VERMA MANU

श्री अंकित गुप्ता 'अंक'

परिचय-श्री अंकित गुप्ता 'अंक'


श्री अंकित गुप्ता 'अंक'
जन्मतिथि : 20 फरवरी, 1989
पिता का नाम : श्री राजकुमार गुप्ता
माता का नाम : श्रीमती नीलम गुप्ता
शिक्षा : बी0एस0सी0, बी0एड0
भाषा ज्ञान : हिन्दी, उर्दू, अंग्रेजी
लेखन : सन् 2004 से
लेखन की विधाएँ : 1. हिन्दी एवं उर्दू -गीत, गज़ल, कहानी, उपन्यास।
                            2. अंग्रेजी-सोनेट, पोयम, शॉर्ट स्टोरी
प्रकाशन : अनेक पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित
उपलब्धि : मुरादाबाद शहर गान की रचना करना
सम्मान : हिन्दी साहित्य संगम द्वारा 'युवा साहित्य सृजन' सम्मान से सम्मानित
विशिष्ट : तत्कालीन राज्यपाल श्री विष्णु कान्त शास्त्री जी द्वारा स्काउटिंग मे सम्मानित
पता : सूर्यनगर, लाइनपार, मुरादाबाद (उ0प्र0)
सम्पर्क : 9759526650


गज़ल

सच कहो तुम मुझे भुला दोगे।
इस कदर क्या मुझे सजा दोगे॥

हमने मिलकर जो घर बनाया था।
अपने हाथों से ही जला दोगे॥

हमने मिलकर किये थे जो वादे।
क्या उन्हें खाक मे मिला दोगे॥

तौहमतें हमपे सब लगाऐंगे।
आग को ग़र तुम्हीं हवा दोगे॥

जिसको दरकार हो दुआ की ही।
कौन सी तुम उसे दवा दोगे॥

जिक्र महफिल में जब मेरा होगा।
शर्तिया तुम नजर झुका लोगे॥

खैर अब क्या गिला करूँ तुमसे।
'अंक' अब गौर तुम कहाँ दोगे॥

-अंकित गुप्ता 'अंक'
लाइनपार, मुरादाबाद।


ANKIT GUPTA 'ANK'

देवराज वर्मा उत्कृष्ट साहित्य सृजन सम्मान - 2012’ हेतु प्रविष्टियाँ आमंत्रित

देवराज वर्मा उत्कृष्ट साहित्य सृजन सम्मान - 2012’ हेतु प्रविष्टियाँ आमंत्रित 
                               साहित्यिक संस्था ‘अक्षरा’ के तत्वावधान में गतवर्षों की भाँति इस वर्ष भी स्व. श्री देवराज वर्मा की सप्तम् पुण्यतिथि 7 दिसम्बर, 2012 को उत्कृष्ट साहित्यिक कृति पर प्रदान किये जाने वाले ‘देवराज वर्मा उत्कृष्ट साहित्य सृजन सम्मान-2012’हेतु प्रविष्टियाँ आमंत्रित की जाती हैं जिसके अंतर्गत रु0 1100/= की नकद धनराशि, अंगवस्त्र, मानपत्र, श्रीफल नारियल तथा प्रतीक चिन्ह प्रदान किया जायेगा। इस वर्ष यह सम्मान काव्य की उत्कृष्ट मौलिक कृति को दिए जाने विषयक निर्णय लिया गया है, फलतः उक्त सम्मान हेतु काव्य की किसी भी विधा में वर्ष 2010 तथा 2011 में प्रकाशित मौलिक साहित्यिक कृति प्रविष्टि हेतु पात्र होगी। सम्मान हेतु कृति का चयन एक निर्णायक मंडल द्वारा किया जायेगा। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम तथा प्रत्येक स्थिति में मान्य होगा जिस पर किसी भी प्रकार की आपत्ति अथवा विवाद स्वीकार्य नहीं होगा। सम्मान हेतु पता लिखा 1 पोस्ट कार्ड तथा 1 पता लिखा टिकिट लगा लिफाफा सहित मौलिक काव्य-कृति की 4 प्रतियाँ दिनांकः 31 अगस्त, 2012 तक पंजीकृत / स्पीडपोस्ट / कोरियर द्वारा पहुँच जानी चाहिए। अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त किसी भी प्रविष्टि का उक्त सम्मान हेतु संज्ञान लिया जाना संभव नहीं होगा।
पता-
योगेन्द्र वर्मा ‘व्योम’, 
संयोजक- साहित्यिक संस्था ‘अक्षरा’, 
ए.एल.-49, सचिन स्वीट्स के पीछे,
 दीनदयाल नगर फेज़-प्रथम्, काँठ रोड,
 मुरादाबाद-244001 (उ.प्र.) 
साभार-योगेन्द्र वर्मा ‘व्योम’
facebook

साहित्यकार-सम्मान हेतु प्रविष्टियाँ आमंत्रित

अ0 भा0 साहित्य कला मंच’ द्वारा ‘साहित्यकार-
सम्मान- 2012' हेतु प्रविष्टियाँ आमंत्रित 
                           मुरादाबाद: अखिल भारतीय साहित्य कला मंच’ द्वारा ‘साहित्यकार-सम्मान- 2012' हेतु अखिल भारतीय स्तर पर पूर्ववत निःशुल्क प्रविष्टियाँ आमंत्रित की जाती हैं। हिन्दी के साहित्यकारों से अनुरोध है कि अपनी साहित्यिक उपलब्धियों के विवरण के साथ प्रकाशित किसी एक विधा की कृति की दो प्रतियाँ, अपना एक रंगीन पासपोर्ट आकार का छायाचित्र और दो लिफाफों पर अपना पता लिखा एवं पाँच-पाँच रूपये के डाक टिकट लगाकर पंजीकृत डाक से संस्थापक अध्यक्ष डॉ0 महेश ‘दिवाकर’ के नाम एवं कार्यालय के पते पर 30 जून 2012 तक अवश्य प्रेषित करने का कष्ट करें। इसके बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर मंच कोई विचार नहीं करेगा। मंच का सम्मान समारोह 14 अक्टूबर 2012, रविवार को मुरादाबाद में आयोजित किया जायेगा जिसकी व्यक्तिगत सूचना चयनित साहित्यकारों को पत्र के माध्यम से भी दी जायेगी। विधाशः पुरस्कारों/ सम्मानों का विवरण इस प्रकार है-

1. महाकवि हरिशंकर आदेश साहित्य-सिन्धु-सम्मान (शोध) रु. ७०००/-
2. महाकवि हरिशंकर आदेश साहित्य-चूड़ामणि-सम्मान (शोध) रु. ७०००/-
3. प्रवासी साहित्यकार सुरेशचन्द्र शुक्ल ‘शरद आलोक’ साहित्य-सुमन-सम्मान रु. ७०००/-
4. प्रवासी साहित्यकार सुरेशचन्द्र शुक्ल ‘शरद आलोक’ साहित्य-भूषण-सम्मान रु. ७०००/-
5. स्व0 सतीश चन्द्र अग्रवाल स्मृति ‘साहित्यश्री’- सम्मान रु. ५०००/-
6. स्व0 रामकिशन दास स्मृति गीति-साहित्य-सम्मान रु. ५०००/-.
7. स्व0 कृपालसिंह पंवार स्मृति साहित्य सेवी-सम्मान रु. ५०००/-
8. श्री लक्ष्मणप्रसाद अग्रवाल साहित्य गौरव-सम्मान रु. ५०००/-
9. डॉ0 महेन्द्रसागर प्रचण्डिया स्मृति साहित्यवारिधि सम्मान रु. ५०००/-
10. शब्द साधना सम्मान (सुलभ इण्टरनेशनल, नई दिल्ली द्वारा) रु. ५०००/-
11. स्व0राजकुमारी खन्ना स्मृति साहित्य सौरभ सम्मान रु. ५०००
12. स्व0राजकुमारी खन्ना स्मृति साहित्य रत्न सम्मान रु. ५०००/-
13. स्व0राजकुमारी खन्ना स्मृति संस्कृति, साहित्य सेवा सम्मान रु. ५०००/-.
14. स्व0राजकुमारी खन्ना स्मृति राष्ट्रभाषा हिन्दी सेवी सम्मान रु. ५०००/-.
15. प्रो0 रामप्रकाश गोयल साहित्य-शिरोमणि-सम्मान रु. २१००/-
16. डॉ0 परमेश्वर गोयल साहित्य-शिखर-सम्मान रु. २१००/-
17. डॉ0 बद्रीप्रसाद कपूर स्मृति साहित्य-भूषण-सम्मान रु. २१००/-
18. श्री वीरेन्द्र गुप्त साहित्य-रत्न सम्मान रु. २१००/-
19. स्व0 ब्रजपाल सरन स्मृति साहित्य सम्मान रु.२१००/-
20. स्व0 मधुरताज स्मृति साहित्य अलंकार सम्मान रु. २१००/-
21. स्व0 ज्ञानवती देवी स्मृति गीतिकाव्य-सुरभि-सम्मान रु. २१००/-
22. स्व0 विद्यादेवी स्मृति हिन्दी पत्रकारिता-सम्मान रु. २१००/-

[अखिल भारतीय साहित्य कला मंच, मुख्यालय-मुरादाबाद (उ0प्र0). कार्यालय: ‘सरस्वती’ भवन, मिलन-विहार, देहली-राजमार्ग, मुरादाबाद- 244001, फोन नं0: 9927383777 (अध्यक्ष), 09319618169, 9897038128 (महासचिव)]

 डॉ0 महेश ‘दिवाकर’ 
संस्थापक अध्यक्ष
डॉ0 रामगोपाल भारतीय 
महासचिव
डॉ0 अम्बरीष कुमार 
महासचिव

साभार - पूर्वाभास

राष्ट्र भाषा हिन्दी प्रचार समिति की कवि-गोष्ठी


राष्ट्र भाषा हिन्दी प्रचार समिति की कवि-गोष्ठी

                                    14 अप्रैल, 2012 को राष्ट्र भाषा हिन्दी प्रचार समिति की ओर से डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जन्मोत्सव के अवसर पर जम्भेश्वर विश्नोई धर्मशाला लाईनपार मुरादाबाद मे कवि-गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके की गयी।
                                    इस अवसर पर कवियो ने भेदभाव मिटाने की भावना से ओतप्रोत एवं समाज के वर्तमान परिपेक्ष्य से सम्बन्धित कविताओ द्वारा अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश्वर प्रसाद गहोई ने की। मुख्य अतिथि डॉ0 महेश दिवाकर तथा विशिष्ट अतिथि योगेन्द्र पाल सिंह विश्नोई रहे। सरस्वती वन्दना एवं संचालन रामसिंह निःशंक ने किया।
                                   गोष्ठी मेँ जितेन्द्र कुमार जौली, योगेन्द्र पाल सिंह विश्नोई, अम्बरीश गर्ग, अशोक विश्नोई, यूपी सक्सेना अस्त, कृपाल सिंह धीमान, रामेश्वर प्रसाद वशिष्ट, मनोज वर्मा मनु, अंकित गुप्ता अंक, योगेन्द्र वर्मा व्योम, रामदत्त द्विवेदी, राम बहादुर सक्सैना, शिशुपाल मधुकर आदि ने काव्यपाठ किया।

बुधवार, 11 अप्रैल 2012

साहित्यार्जुन सम्मान समारोह

साहित्यार्जुन सम्मान समारोह
रामलाल अंजाना, डॉ0 प्रेम कुमारी कटियार व  निर्मल शुक्ल को साहित्यार्जुन सम्मान से सम्मानित किया गया
                                   दिनाँक 8 अप्रैल, 2012 को साहित्यिक संस्था विप्रा की ओर से शिव मन्दिर हिमगिरी कालोनी मुरादाबाद में साहित्यार्जुन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुरादाबाद के वरिष्ठ साहित्यकार रामलाल अंजाना, भोपाल से आमन्त्रित डॉ0 प्रेम कुमारी कटियार व लखनऊ से आए दादा निर्मल शुक्ल को साहित्यार्जुन सम्मान से सम्मानित किया गया।
                                    कार्यक्रम का शुभारम्भ कृष्ण कुमार नाज़ ने सरस्वती वन्दना से की। कार्यक्रम अध्यक्ष माहेश्वर तिवारी ने सम्मानित साहित्यकारों को अंगवस्त्र, मानपत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
                                     इसके बाद सम्मानित साहित्यकारों एवं स्थानीय साहित्यकारों ने रचनापाठ कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। और बहुत खूब कहने पर विवश कर दिया। समारोह में डॉ0 अजय अनुपम, वीरेन्द्र ब्रजवासी, शिवा अवतार सरस, विकास मुरादाबादी, ज़िया जमीर, डॉ0 महेश दिवाकर, पुष्पेन्द्र कटियार, ओंकार सिंह ओंकार, अशोक विश्नोई, विनय निगम आदि उपस्थित रहे। संचालन आनन्द गौरव ने किया।

रविवार, 8 अप्रैल 2012

अंकित गुप्ता अंक को युवा साहित्य सृजन सम्मान

 
अंकित गुप्ता अंक को युवा साहित्य सृजन सम्मान

हिन्दी साहित्य संगम ने अंकित गुप्ता अंक को युवा साहित्य सृजन सम्मान से सम्मानित किया
                              दिनाँक 1 अप्रैल, 2012 को हिन्दी साहित्य संगम की ओर से गायत्री प्रज्ञा पीठ लाइनपार में कवि गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें युवा साहित्यकार अंकित गुप्ता अंक को साहित्य के क्षेत्र में किये गये उत्कृष्ट योगदान के लिए युवा सृजन सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अवनीश सिंह चौहान द्वारा सरस्वती वन्दना से किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष शचीन्द्र भटनागर, मुख्य अतिथि मीना नक़वी एवं विशिष्ट अतिथि राजेश्वर प्रसाद गहोई ने युवा साहित्यकार अंकित गुप्ता अंक को अंगवस्त्र, मानपत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
                              संचालन कर रहे योगेन्द्र वर्मा व्योम ने अंकित गुप्ता अंक का परिचय प्रस्तुत करते हुए कहा कि नई पीढ़ी बेहद ऊर्जावान है। हिन्दी साहित्य में उदासीनता के वर्तमान समय में युवा पीढ़ी सार्थक कार्य कर रही है। ऐसे मे सम्मानित किया जाना उनका हक है। 
                              इसके बाद रचनाकारो ने रचनापाठ कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। कार्यक्रम मेँ ब्रजभूषण गौतम अनुराग, जितेँद्र कुमार जौली, योगेंद्र पाल सिंह विश्नोई, रामसिहँ निशंक, सतीश सार्थक, रामदत्त द्विवेदी, कृष्ण कुमार नाज, प्रेमावती उपाध्याय, मनोज रस्तौगी, शिशुपाल मधुकर, रामेश्वर प्रसाद 'वशिष्ठ', अतुल जौहरी, अवनीश सिहँ चौहान,आदि ने काव्यपाठ किया।

मंगलवार, 3 अप्रैल 2012

राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति ने किया जितेन्द्र कुमार जौली को सम्मानित

युवा साहित्यकार जितेन्द्र कुमार जौली सम्मानित

युवा साहित्यकार जितेन्द्र कुमार जौली सम्मानित
                          14 मार्च 2012 को राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति द्वारा गायत्री प्रज्ञा पीठ मुरादाबाद में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा युवा साहित्यकार जितेन्द्र कुमार जौली का सम्मान।
                        राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति की ओर से जितेन्द्र जौली को पाँच सौ एक रुपये नकद, शॉल व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष अम्बरीश गर्ग ने कहा कि साहित्य के क्षेत्र में युवाओ को बढ़चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। क्योंकि साहित्य ही संस्कारो को जन्म देता है इसलिए वे युवा जो साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं प्रशंसा और सम्मान के पात्र हैं। इसी भावना के चलते मुरादाबाद के युवा साहित्यकार जितेन्द्र कुमार जौली को सम्मानित किया गया है। 
                 इस अवसर पर रामसिंह निःशंक, योगेन्द्रपाल सिंह विश्नोई, कृपाल सिंह धीमान, रामेश्वर प्रसाद वशिष्ठ, अशोक विश्नोई, योगेन्द्र व्योम, रामदत्त द्विवेदी, मनोज मनु, कृष्ण कुमार नाज़ आदि ने काव्यपाठ किया। योगेन्द्र सिंह, मनोज सम्राट, रमेश कृष्ण आदि लोग उपस्थित थे।